राउरकेला, 23//4:(कलिंग समाचार) लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मसौदा प्रस्ताव वोटिंग के दौरान खारिज होने के बाद, भारतीय जनता पार्टी की ओर से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर सहित विभिन्न शहरों में पत्रकार सम्मेलन आयोजित कर विपक्षी दलों के असहयोग और उनके रवैये के बारे में जानकारी दी जा रही है।आज राउरकेला भाजपा द्वारा ब्राह्मणी क्लब में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्षी दलों की भूमिका को लेकर चर्चा की गई। इस सम्मेलन में मुख्य रूप से नारी नेत्री व ब्रह्मगिरी की विधायक उपासना महापात्र, बांगिरिपोषी विधायक संजली मुर्मू, राज्य महिला मोर्चा की महासचिव लतिका पटनायक, जिला अध्यक्ष पूर्णिमा केरकेट्टा, राज्य अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष गुरिंदर सिंह, राज्य महिला एवं बाल कल्याण आयोग की सदस्य कल्पना लेंका, राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रमिला दास और जिला प्रवक्ता गंगाधर दाश उपस्थित थे।लोकसभा में महिला बिल और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के साथ-साथ परिसीमन बिल का मसौदा प्रस्ताव वोटिंग में खारिज हो गया था। भाजपा ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह बिल पारित नहीं हो सका।ब्रह्मगिरी विधायक उपासना महापात्र ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संसद में महिला सांसदों की संख्या काफी कम है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से केवल 11 महिला विधायक हैं, जो महिलाओं के प्रतिनिधित्व के लिहाज से बहुत ही कम है। यह माना जाता है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल सकेगा। भाजपा इस अधिनियम के फायदों और महिलाओं के लिए अवसरों के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पत्रकार सम्मेलन कर रही है।वहीं, बांगिरिपोषी विधायक संजली मुर्मू ने कहा कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि महिलाएं आगे आएं। आज की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य महिलाओं, विशेषकर जनजातीय महिलाओं को आगे लाने के विषय में जागरूकता फैलाना है। इसके साथ ही राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रमिला दास ने विपक्षी दलों के विरोध की निंदा की। अंत में जिला भाजपा प्रवक्ता गंगाधर दाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

