राउरकेला 4/11,(कलिंग समाचार) 2026: 5 नवंबर से राउरकेला के बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम में इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 का शुभारंभ हो रहा है। यह लीग 20 मार्च 2027 तक चलेगी। इस बात की जानकारी आज बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम में समलेश्वरी स्पोर्टिंग द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।5 नवंबर की शाम 6:30 बजे ओडिशा की समलेश्वरी स्पोर्टिंग, डेम्पो SC के खिलाफ इंडियन फुटबॉल लीग (IFL) का अपना पहला मैच खेलेगी।आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में समलेश्वरी स्पोर्टिंग के मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी और मिडफील्डर अमरजीत सिंह कियाम ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने टीम की रणनीतिक तैयारी और पश्चिमी ओडिशा में स्थानीय घरेलू दर्शकों के सामने खेलने के महत्व पर जोर दिया।समलेश्वरी स्पोर्टिंग के मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी ने कहा, “समलेश्वरी स्पोर्टिंग ओडिशा की पहली टीम है जिसने इंडियन फुटबॉल लीग में हिस्सा लिया है। समलेश्वरी स्पोर्टिंग से जुड़कर ओडिशा में फुटबॉल के विकास के लिए काम करना मेरे लिए गर्व का क्षण है।” उन्होंने बताया कि टीम में 10 ओडिया खिलाड़ी हैं, जिनमें से 5 संबलपुर के हैं। इसके अलावा 5 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें समलेश्वरी स्पोर्टिंग टीम के कोच के रूप में ऐसे 14 खिलाड़ी मिले हैं जो भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।इसका समर्थन करते हुए समलेश्वरी स्पोर्टिंग टीम के अमरजीत सिंह कियाम ने कहा कि टीम का समर्थन करने के लिए यहां आने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। स्टेडियम में दर्शकों का समर्थन मैदान पर टीम को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा और समलेश्वरी स्पोर्टिंग के लिए सकारात्मक परिणाम लाएगा।इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में समलेश्वरी स्पोर्टिंग के अध्यक्ष एवं विधायक जयनारायण मिश्र ने शामिल होकर कहा कि समलेश्वरी स्पोर्टिंग ओडिशा की एकमात्र फुटबॉल टीम है, जिसमें राउरकेला और सुंदरगढ़ के खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने राउरकेला के दर्शकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का अनुरोध किया है।कल गुरुवार शाम 6:30 बजे समलेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब बनाम डेम्पो SC के बीच इंडियन फुटबॉल लीग (IFL) का पहला फुटबॉल मैच खेला जाएगा। राउरकेला बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम में इस मैच को देखने के लिए टिकट की कीमत 50 रुपये और 200 रुपये रखी गई है।आज की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में समलेश्वरी स्पोर्टिंग के अध्यक्ष (चेयरमैन) जयनारायण मिश्र के साथ खिलाड़ी अमरजीत सिंह कियाम (मणिपुर), मुख्य कोच अब्दुल अजीम सिद्दीकी और विशेष पंडा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

