राउरकेला:4//11,(कलिंग समाचार) विश्रा ब्लॉक के अंतर्गत झिरीपानी स्थित पीएमश्री सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में ब्लॉक स्तरीय सुरभि 2026 शिशु महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुप्रभात बेहरा की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन समारोह में अतिथि के रूप में एनआईटी के प्रोफेसर सरोज कुमार पटेल, मुख्य वक्ता के रूप में डब्ल्यूईओ आरती स्वाईं, सम्मानित अतिथि के रूप में ब्लॉक अध्यक्ष फूलमणी केरकेट्टा, एबीईओ सत्यभामा बेहरा, समिति सदस्य प्रतिमा पात्र, झिरीपानी सरपंच अजीत तिर्की, लक्ष्मी सेठी, स्नेहलता दलेई प्रमुख उपस्थित रहकर छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद दिया।कार्यक्रम के दूसरे सत्र में रघुनाथपाली विधायक एवं जिला योजना समिति के अध्यक्ष दुर्गाचरण तंती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सुरभि कार्यक्रम बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को उजागर करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। इस कार्यक्रम में 104 विद्यालयों के लगभग 350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।छात्र-छात्राओं के बीच नृत्य, संगीत, भाषण, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, नृत्याभिनय आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और इसमें सफलता प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार निर्णायक (जज) के रूप में ज्योतिश्री महापात्र, कोमलराणी सुतार, स्वर्णलेखा महंत, मनोजा प्रियदर्शिनी, नर्मदा नायक आदि ने दायित्व निभाया।उर्मिला महंत और विद्युतमयी मिश्र के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री बेहरा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि आयोजक झिरीपानी पीएमश्री सरकारी उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उर्बिला तिर्की ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

