राउरकेला:1//10,(कलिंग समाचार)सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र की न्यू प्लेट मिल (एन.पी.एम.) ने सितंबर 2026 के रान उत्पादन और डिस्पैच के क्षेत्र में नए रिकॉर्ड कायम किए। मिल ने सितंबर माह में 94,512 टन प्लेटों का उत्पादन किया, जो स्थापना के बाद से सितंबर माह का अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन है। इसने सितंबर 2025 में दर्ज 83,862 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही, 30 दिनों वाले महीने में स्थापना के बाद से यह मिल का सर्वाधिक उत्पादन भी है, जिसने जून 2026 में दर्ज 89,224 टन के पिछले रिकॉर्ड को पार कर लिया। न्यू प्लेट मिल ने स्थापना के बाद से सितंबर माह में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ डिस्पैच भी दर्ज किया। मिल ने सितंबर में 90,237 टन प्लेटों का डिस्पैच किया, जो सितंबर 2023 में दर्ज 88,775 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ सितंबर डिस्पैच से अधिक है। इसके अलावा, 30 दिनों वाले महीने में यह मिल द्वारा दर्ज किया गया अब तक का सर्वाधिक डिस्पैच भी है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (एच.1) के दौरान मिल का संचयी उत्पादन 5,05,522 टन रहा, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (सी.पी.एल.वाई.) के 5,03,945 टन के उत्पादन से अधिक है। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मिल ने 11 दिनों के कैपिटल रिपेयर के बावजूद यह प्रदर्शन दर्ज किया है। एन.पी.एम. टीम एवं उसके नेतृत्व के साथ-साथ इससे जुड़े सभी विभागों के इस शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए आर.एस.पी. के निदेशक प्रभारी (डी.आई.सी.), श्री आलोक वर्मा ने कहा कि किसी भी व्यावसायिक संगठन में सतत लाभ अर्जित करने के लिए निरंतर सुधार और निरंतर विकास आवश्यक है। उन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए गति को बनाए रखने तथा सेल, आर.एस.पी. का परचम सदैव ऊंचा रखने का आह्वान किया।

