राउरकेला:16//11,(कलिंग समाचार)पूरे देश में सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राउरकेला प्रशासन और जिला लोक संपर्क विभाग की ओर से संयुक्त रूप से एक सभा का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिलापाल सह महानगर निगम आयुक्त दीना दस्तगीर ने शामिल होकर इस वर्ष दिवस मनाने के प्रसंग—’पत्रकारिता: लोकप्रियता बनाम दायित्वबोध’ शीर्षक पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव और अनुभूतियों के साथ प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समझ और संबंध बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पत्रकारों से उत्तरदायित्व के साथ सटीक खबरें प्रसारित करने का आह्वान किया।अन्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रावणी नायक ने भाग लेते हुए कहा कि पत्रकार और मीडिया समाज के एक दर्पण की तरह काम कर रहे हैं। विशेष अतिथि के रूप में पानपोष उपजिलापाल प्रभात कुमार परिड़ा ने शामिल होकर वर्षों से मुद्रित मीडिया की विश्वसनीयता, आवश्यकता और महत्व के संबंध में अपने अनुभवों पर चर्चा की। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ समाजसेवक सह संगठक डॉ. सुमन दत्त, वरिष्ठ पत्रकार मनोरथंजन दास, सत्यानंद बेहरा, चित्तरंजन ब्रह्मा, कुंज बिहारी राउत, निगमानंद दास आदि ने उक्त शीर्षक के संबंध में अपने-अपने विचार रखे।कार्यक्रम का एक अन्य मुख्य आकर्षण स्थानीय सरकारी स्वायत्त महाविद्यालय के स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों वर्गों के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्र-छात्राएँ थे। इनमें से विश्वजयिनी नायक, स्निग्धा सोनी, श्रिया पात्र और सृष्टि प्रसाद आदि ने दिवस मनाने के संबंध में अपने भाषण दिए। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।स्थानीय सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी सीमा फातिमा एक्का की अध्यक्षता और वरिष्ठ पत्रकार महेंद्र मिश्रा के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में बोणई उपखंड लोक संपर्क अधिकारी पुष्पांजलि साहू उपस्थित थीं। इस अवसर पर सैकड़ों उड़िया, अंग्रेजी और हिंदी समाचार पत्रों की एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई थी। इस संपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन में राउरकेला शहर के विभिन्न वर्गों के पत्रकारों के स्थानीय सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया।

