उदीयमान सूर्य को समापन अर्घ्य अर्पण
राउरकेला:16//11,(कलिंग समाचार) लोक पर्व छठ पर पूजा अर्चना के लिए राउरकेला एवं आसपास के डेढ़ दर्जन घाटों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। रविवार की शाम एवं सोमवार की सुबह पूजा अर्चना करने के साथ ही भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया गया। आरएमसी की ओर से घाटों पर सफाई, मरम्मत, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की गई थी।रालोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राउरकेला में तैयारियां की गई थी। शहर के करीब डेढ़ दर्जन प्रमुख छठ घाटों पर रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य तथा सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को समापन अर्घ्य अर्पित किया गया। इसके लिए राउरकेला महानगर निगम (आरएमसी) की मदद से घाटों की मरम्मत, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गई थी। बिहार सांस्कृतिक परिषद, डीओटी, बिहारी युवा मंच, स्वर्णकार युवा मंच और आदित्य घाट छठ पूजा सेवा ट्रस्ट समेत दर्जनभर सामाजिक संगठनों की ओर से व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। शंख, कोयल और ब्राह्मणी नदी के विभिन्न घाटों के अलावा झीरपानी आदित्य घाट, बालू घाट, मूर्ति विसर्जन घाट, सेक्टर-16 घाट, गोपबंधुपाली तालाब और बंडामुंडा तालाब पनपोश पोकला घाट सहित शहर के प्रमुख छठ घाटों पर अधिक भीड़ रही। झीरपानी घाट पर आदित्य घाट सेवा ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुआें के लिए अर्घ्य के लिए दूध, कपूर, लकड़ी एवं अन्य व्यवस्था की गई थी। आधा दर्जन से अधिक संगठन श्रद्धालुओं के लिए चाय एवं अन्य सेवा में जुटे थे। अध्यक्ष डीएन कुमार, चेयरमैन संजय सिंह, महासचिव विजय सिंह, महेंद्र महतो, हरिशंकर साह, सोनू चौधरी, राजकुमार पांडे, कृष्णा सिंह समेत अन्य सदस्यों का इसमें सक्रिय योगदान रहा।


