राउरकेला:1//7,(कलिंग समाचार)। बंडामुंडा के शीतल नगर में राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाने अभियान के बीच वर्षों से दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले दुकानदारों ने पुनर्वास की मांग को लेकर अतिरिक्त जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है।ज्ञापन में कहा गया है कि शीतल नगर के लगभग 22 दुकानदार पिछले 30 से 40 वर्षों से अपनी-अपनी दुकानों के माध्यम से आजीविका चला रहे हैं और उनके परिवार पूरी तरह इन्हीं दुकानों पर निर्भर हैं। आरोप है कि 28 जून 2026 को आरएसपी के कुछ कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना या लिखित नोटिस के दुकानों को हटाने और तोड़ने की बात कह गए, जिससे दुकानदारों और उनके परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।दुकानदारों ने स्पष्ट किया है कि वे विकास कार्यों या किसी सरकारी परियोजना के विरोधी नहीं हैं और न ही किसी परियोजना में बाधा डालना चाहते हैं। उनकी मांग है कि दुकानों को हटाने से पहले सभी प्रभावित दुकानदारों के लिए उचित पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, ताकि उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो।ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में सुमंत कुमार पात्र, विनोद कुमार शर्मा, अमीय कुमार परिडा, राम अवतार शर्मा, राम प्रकाश शर्मा, मिथलेश भगत, के. पटेल, रवींद्र कुमार पात्र, वीरेंद्र भगत, महेश एक्का, विष्णु एक्का, ब्रह्मा एक्का, बी.एन. प्रसाद, मनोज कुमार शर्मा, शुक्रा उरांव, अरविंद महतो, शमसाद खान, सेरू शर्मा, पूजा शर्मा, विजय कुमार पंडा, सी.एच. लक्ष्मी, संतोष स्वाईं, सुषमा तिर्की और चरकु उरांव सहित अन्य दुकानदार शामिल हैं।

