न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में शुक्रवार को अहम बैठक होनी है। बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि रूस से तेल खरीदने पर भारत पर लगाए गए टैरिफ की वजह से मॉस्को बातचीत के लिए तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर रूस ऐसा नहीं करता तो वह अपने ‘दूसरे सबसे बड़े ग्राहक’ को खो सकता था।
ट्रंप ने कहा क्या?
ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ”मुझे लगता है कि हर चीज का असर होता है।” ट्रंप ने दावा कि जब उन्होंने भारत से कहा कि ”हम आपसे शुल्क लेंगे, क्योंकि आप रूस से तेल खरीद रहे हैं” तो इस स्थिति में ”उन्हें (भारत) रूस से तेल खरीदना बंद करना पड़ा।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ”फिर उन्होंने (रूस ने) फोन किया, और मिलना चाहा। हम देखेंगे कि इस मुलाकात से क्या होता है। लेकिन निश्चित रूप से जब आप अपना दूसरा सबसे बड़ा ग्राहक खो देते हैं, और शायद आप अपना पहला सबसे बड़ा ग्राहक भी खो सकते हैं, तो मुझे लगता है कि इसकी भी एक भूमिका होगी।”
