राउरकेला//:18/08/2025// कलिंगा समाचार // पानपोष एकता कमेटी के तत्वाधान में रविवार की शाम जामिया कॉलोनी ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।रविवार की शाम 6 बजे कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसका आगाज राजगंगपुर विधायक डॉ राजन एक्का ने शमा जलाकर किया। इस अवसर पर नगर विधायक शारदा प्रसाद नायक भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों विधायकों ने पानपोष एकता कमेटी द्वारा आयोजित इस साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन की खूब प्रशंसा की तथा इसे समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करने वाला कदम बताया।कार्यक्रम के दौरान समाज में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें रघुनाथपाली थाना प्रभारी राजेंद्र स्वाई, समाजसेवी शमशेर अली तथा एजाज अहमद (गुड्डू सोनार) को प्रमाण पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

सम्मेलन का आगाज शायरी की सुरीली महफिल से हुआ। मंच पर देश-प्रदेश के कई नामचीन शायरों और कवियों ने अपने कलाम और रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर अज़्म शाकिरी,डॉ अना देलहवी,रुस्तम अल्लाहाबादी, बलिया से प्रतिभा यादव,संबलपुर से नासिर फ़राज, राजगंगपुर से हसीबुर रहमान, राउरकेला से डॉ. केके प्रजापति व मुख्तार राही जैसे मशहूर शायरों और कवियों ने अपनी रचनाओं से महफिल को नई ऊँचाई दी।
शायरों ने हास्य, व्यंग्य और सामाजिक संदेशों से भरपूर ग़ज़लें और कविताएं पेश कर उपस्थित जनसमूह को देर रात तक बांधे रखा। श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से कवियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन समिति के सदस्य सरफराज तारिक ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाना है।
