राउरकेला पुलिस ने की साइबर ठगी का भंडाफोड़
राउरकेला:11//8,(कलिंग समाचार)पुलिस कप्तान नितेश वाधवानी के दिशा निर्देश पर राउरकेला की उदितनगर थाना प्रभारी प्रभा सिमरन सिंह ने ओडिशा और झारखंड में सक्रिय अंतरराज्यीय ऐप आधारित साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए झारखंड के देवघर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।मंगलवार 11 अगस्त की दोपहर जिला पुलिस मुख्यालय में एसपी श्री वाधवानी ने डीएसपी जे एन सेठी व थाना प्रभारी प्रभा सिमरन सिंह की उपस्थिति में पीएम किसान के फर्जी ऐप से साइबर ठग गिरोह का खुलासा किया।इन्होंने बताया की गिरोह सरकारी योजनाओं, विशेषकर पीएम-किसान योजना के नाम पर फर्जी और दुर्भावनापूर्ण एपीके ऐप मोबाइल में डाउनलोड करवाकर लोगों के मोबाइल फोन और यूपीआई खातों तक अनधिकृत पहुंच हासिल करता था।पुलिस जांच में सामने आया कि मोबाइल और यूपीआई खातों पर कब्जा करने के बाद आरोपी हैक किए गए खातों, एटीएम निकासी और मर्चेंट क्यूआर कोड के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन करते थे। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए रकम को कई बैंक खातों में घुमाया जाता था। अब तक इस नेटवर्क से 3.5 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर रकम और अधिक बढ़ सकती है।गिरोह के खिलाफ देशभर में 31 शिकायतें और एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वर्तमान मामले में पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में जमा 47 लाख रुपये से अधिक की राशि फ्रीज कर दी है।उदितनगर थाना कांड संख्या 326, दिनांक 06.08.2026 के तहत पुलिस ने देवघर जिले के सारठ निवासी बिकाश कुमार मांझी (29), प्रदीप कुमार (24), सूरज कुमार (24) तथा मोहनपुर निवासी मनीष कुमार यादव (26) को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 7 अगस्त 2026 को गिरिडीह निवासी ज्योतिष प्रसाद वर्मा (25) को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।जो उदित नगर में सरदार मुहल्ला में रह रहा था।हालिया गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24,900 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड और सफेद रंग की स्कॉर्पियो (जेएच-15एक्यू-7523) जब्त की है। वहीं, पूर्व में गिरफ्तार ज्योतिष प्रसाद वर्मा और अन्य आरोपियों के नाम से अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक, एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत विभिन्न बैंकों की दर्जनों पासबुक, चेकबुक तथा रुपे और वीजा डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।पुलिस ने ओप्पो एक्स 5जी मोबाइल फोन और इंडियन बैंक का रुपे प्लेटिनम डेबिट कार्ड भी जब्त किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क और ठगी की रकम के अंतिम लाभार्थियों का पता लगाने में जुटी है।


