राउरकेला:13//10,(कलिंग समाचार)महाराजा अग्रसेन सेवा संघ,मास राउरकेला के तत्वावधान में 5180वें भगवान अग्रसेन जयंती समारोह-2026 के आठ दिवसीय कार्यक्रम रविवार शाम जयंती समारोह और भव्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया।मंच पर संघ के अध्यक्ष पूरणमल अग्रवाल, समारोह संयोजक अशोक अग्रवाल बारसूआ, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, ऋषि आर्य, सचिव शैलेंद्र मारोठिया, कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, सहसचिव देवेंद्र गुप्ता तथा सहसचिव एवं सहसंयोजक बबल गोयल उपस्थित रहे। गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने कहा कि परस्पर सहयोग, सेवा, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और आर्थिक प्रगति पर ध्यान देना आवश्यक है। युवाओं को समाज से अधिकाधिक जोड़ने तथा लोकहित के कार्यों के लिए कॉरपस फंड बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।अध्यक्ष पूरणमल अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। संयोजक अशोक अग्रवाल बारसूआ ने एकता को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए युवाओं से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। सचिव शैलेंद्र मारोठिया ने कहा कि यह आयोजन शहर के मारवाड़ी समाज की विभिन्न संस्थाओं को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास है। सहसचिव देवेंद्र गुप्ता ने भी विचार रखे।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने समाज की स्मारिका का लोकार्पण किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों के अध्यक्षों, संघ के ट्रस्टियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन बबल गोयल ने किया। मंच संचालन उषा अग्रवाल और श्रद्धा अग्रवाल ने किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखने के लिए अग्रसेन भवन परिसर में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

