राउरकेला:6//8,(कलिंग समाचार) सावन माह के पावन अवसर पर माँ वैष्णो देवी कांवड़िया संघ, राउरकेला के समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शिवभक्त श्रद्धालु पूरे उत्साह, भक्ति और धार्मिक आस्था के साथ बाबाधाम (बैद्यनाथ धाम, देवघर) के लिए रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इसके बाद “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय बाबा बैद्यनाथ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।संघ के सदस्यों ने बताया कि सभी कांवड़िये निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए 12 जुलाई को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक के साथ रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना तथा विश्व कल्याण, देश की उन्नति, राउरकेला शहर की खुशहाली एवं सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ यात्रा करेंगे। संघ की ओर से कांवड़ियों के लिए आवश्यक चिकित्सा, भोजन, पेयजल, विश्राम तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी की गई हैं ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु 13 जुलाई को जलाभिषेक सम्पन्न करने के बाद राउरकेला वापस लौटेंगे। इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने शहरवासियों से शिवभक्ति, आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव तथा स्वच्छता का संदेश देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

