राउरकेला:6//8,(कलिंग समाचार) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की राउरकेला जोनल कमेटी ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी राउरकेला एवं सुंदरगढ़ जिले के समग्र विकास की मांग को लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नाम एक ज्ञापन राउरकेला के अतिरिक्त जिलाधिकारी को सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, राउरकेला इस्पात संयंत्र तथा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के बावजूद सुंदरगढ़ जिला आज भी बेरोजगारी, युवतियों की तस्करी, सरकारी धन के दुरुपयोग तथा बदहाल शिक्षा व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। सीपीआई ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार को जिले से भारी राजस्व प्राप्त होने के बावजूद रेल, पर्यटन, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो सका है।पार्टी ने अपने मांगपत्र में राउरकेला इस्पात संयंत्र में रिक्त पदों को भरने और नई नियुक्तियां करने, सुंदरगढ़ में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने, राउरकेला नगर निगम (आरएमसी) का शीघ्र चुनाव कराने, महंगाई पर नियंत्रण, बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा सरकारी शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।इसके अलावा महिला आरक्षण के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को तत्काल लागू करने, इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की बिक्री बंद करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने, श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं को निरस्त करने, चुनावों में पुनः बैलेट पेपर प्रणाली लागू करने तथा सांप्रदायिक हिंसा, भीड़ हिंसा और आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक एवं महिलाओं पर अत्याचार रोकने की मांग भी उठाई गई।ज्ञापन में अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून और वनाधिकार कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने, खनन, भूमि, जंगल और जल संसाधनों के दोहन पर रोक लगाने, राज्य की पाठ्यपुस्तकों में कथित भ्रामक तथ्यों के लिए गणशिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, विस्थापितों को उचित मुआवजा देने, ब्राह्मणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने, पितामहल बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने, राउरकेला में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना तथा एनटीए को समाप्त करने की भी मांग की गई।ज्ञापन सौंपने एवं प्रदर्शन के दौरान सीपीआई के प्रदोष कुमार महांति, अनुपम दत्त, महेश्वर राउत, सदानंद साहू, रमेश चंद्र सेठी, भाग्यधर राउत तथा काशीनाथ नायक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

