पवित्र रथयात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
राउरकेला:14//7,(कलिंग समाचार)16 जुलाई को प्रस्तावित रथयात्रा को राउरकेला व आसपास शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को राउरकेला एसपी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पश्चिमांचल डीआईजी बृजेश राय ने की। इसमें राउरकेला के अतिरिक्त जिलापाल दीना दस्तगीर,राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी, पानपोष वन प्रमंडल के डीएफओ रवि मीणा, पानपोष उपजिलापाल चंद्रकांत मलिक, अतिरिक्त एसपी आर महापात्र समेत प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राउरकेला इस्पातांचल और शहर की दो दर्जन से अधिक रथयात्रा समितियों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।बैठक में समितियों ने प्रशासन के समक्ष रथयात्रा से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे। उन्होंने मुख्य मार्गों पर झूल रहे बिजली एवं केबल तारों को हटाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क किनारे पेड़ों की डालियों की छंटाई, मार्गों की साफ-सफाई, गड्ढों की मरम्मत, पेयजल, बिजली, सैनिटेशन एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की। साथ ही रिंग रोड एवं इस्पातांचल के प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान देने तथा पॉकेटमारों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की भी अपील की।समितियों ने सेक्टर-3, सेक्टर-5 स्थित मौसी मां मंदिर सहित विभिन्न रथयात्रा स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि राउरकेला शहर, इस्पातांचल, सेक्टर क्षेत्र, झीलपानी, कोयलनगर, पानपोष सहित विभिन्न इलाकों से सैकड़ों रथयात्राएं निकलेंगी, इसलिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन आवश्यक है।बैठक में डीआईजी बृजेश राय, एसपी नितेश वाधवानी तथा अतिरिक्त जिलापाल दीना दस्तगीर ने समितियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस्पातांचल क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आरएसपी अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने की बात कही गई। वहीं डीएफओ रवि मीणा ने रथ मार्गों पर पेड़ों की डालियों की छंटाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया। प्रशासन ने सभी विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित रथयात्रा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।


