राउरकेला:4//7,(कलिंग समाचार) ब्राह्मणीतरंग थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे एएसआई एस.बी. बिस्वाल अपनी टीम के साथ मोटर वाहन जांच और नाकाबंदी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुआरमुंडा से वेदव्यास की ओर जा रहे लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो (पंजीकरण संख्या OR-14-X-0380) को रोककर चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए। चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल बोनाई क्षेत्र से चोरी की गई थी और उसे बेचने के लिए आईडीसी क्षेत्र ले जाया जा रहा था। आरोपी की पहचान दीनबंधु उर्फ दीनानाथ मुंडारी (43), निवासी मसुरीकुदार, थाना बिसरा तथा वर्तमान निवासी झारतरंग, ब्राह्मणीतरंग थाना क्षेत्र के रूप में हुई।पूछताछ के दौरान आरोपी ने हीरो स्प्लेंडर प्रो (पंजीकरण संख्या OD-14-K-6382) की चोरी भी स्वीकार की। उसने खुलासा किया कि वह बोनाई, बिसरा, वेदव्यास, राउरकेला टाउन, सबडेगा, तलसरा, सुंदरगढ़ टाउन तथा सदर थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चुराता था।आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का मूल निवासी एवं वर्तमान में झारतरंग के भंडारटोली में रहने वाले राजमिस्त्री शंभू कुमार बाउरी (40) के माध्यम से ठिकाने लगाता था। पुलिस ने शंभू कुमार बाउरी को भी गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही वाहन चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

