राउरकेला:24//10,(कलिंग समाचार)डांडिया पाली दयानंद नगर में शुक्रवार को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हो गया। इस अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। मां दुर्गा की विदाई के समय पूजा पंडालों में भक्तिमय माहौल के बीच भावुक दृश्य देखने को मिले। इस मौके पर महिलाओं ने सर्वप्रथम मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद एक-दूसरे के माथे और चेहरे पर सिंदूर लगाकर सिंदूर खेला की परंपरा निभाई। इस दौरान महिलाओं ने अखंड सौभाग्य, सुखी वैवाहिक जीवन तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के बीच सिंदूर खेला को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा पूजा पंडाल मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। हालांकि, जैसे ही मां को विदाई देने का समय आया, माहौल भावुक हो गया। कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। इस दौरान भक्तों ने मां दुर्गा से परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना करते हुए अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की और गाजे बाजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया। इसी के साथ डांडिया पाली दयानंद नगर में शारदीय दुर्गोत्सव का समापन हुआ।


