राउरकेला:21//5,(कलिंग समाचार)में आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बुधवार को जिलापाल डॉ. शुभंकर महापात्र की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के उप-वाचस्पति भवानी शंकर भोई, सुंदरगढ़ सदर विधायक योगेश कुमार सिंह, अतिरिक्त जिलापाल, अतिरिक्त जिलापाल (राजस्व), मुख्य विकास अधिकारी सह कार्यकारी अधिकारी, सदर उप-जिलापाल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।बैठक में निचले इलाकों के लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों की पहचान, जरूरतमंदों को त्वरित पॉलिथीन वितरण तथा शहरी क्षेत्रों में ड्रेनेज सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए ओड्राफ (ODRAF) और अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने को कहा गया।जिलापाल ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयों और सर्पदंश इंजेक्शन का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा के दौरान घरेलू पशुओं की सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, बिजली कटौती से पूर्व आम लोगों को अग्रिम सूचना देने तथा किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को मानसून पूर्व तैयारियों को समय पर पूरा करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

