राउरकेला:10//5,(कलिंग समाचार)दिलीप राय से शनिवार को परिवहन संयुक्त समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव में उनकी जीत पर शुभकामनाएं दीं तथा परिवहन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान समिति की ओर से एक स्मारक पत्र भी सौंपा गया।प्रतिनिधिमंडल में बेदब्यास ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, राउरकेला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, राउरकेला ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन तथा राउरकेला माइनिंग एरिया ट्रक एंड टिपर ओनर्स एसोसिएशन के सदस्य शामिल थे। समिति ने राउरकेला में परिवहन संघों के लिए कार्यालय उपलब्ध कराने, राउरकेला स्टील प्लांट के बाह्य परिवहन कार्यों में स्थानीय परिवहनकारियों को प्राथमिकता देने तथा शहर में ट्रक टर्मिनल अथवा परिवहन नगर स्थापित करने की मांग उठाई।स्मारक पत्र में कहा गया कि परिवहन क्षेत्र दशकों से राउरकेला और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। कच्चे माल, औद्योगिक कार्गो और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में स्थानीय परिवहन संघों का अहम योगदान रहा है। इसके बावजूद अधिकांश संघ आज भी किराए के भवनों से संचालन कर रहे हैं। समिति ने प्रत्येक संघ के लिए लगभग 1000 वर्गफुट कार्यालय स्थान आवंटित करने की मांग की।समिति ने यह भी आरोप लगाया कि राउरकेला स्टील प्लांट के बाहरी परिवहन कार्यों में स्थानीय परिवहनकारियों की उपेक्षा कर बाहरी जिलों और राज्यों के ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जा रही है। जबकि स्थानीय परिवहन संचालकों के पास पर्याप्त ट्रक, ट्रेलर, श्रमिक और आधारभूत संरचना उपलब्ध है। समिति ने सांसद दिलीप राय से हस्तक्षेप कर आरएसपी से बाहर जाने वाले सामानों के परिवहन में स्थानीय संघों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की।इसके अलावा राउरकेला में लंबे समय से प्रस्तावित ट्रक टर्मिनल अथवा परिवहन नगर के निर्माण की मांग भी दोहराई गई। समिति ने कहा कि शहर में ट्रकों और ट्रेलरों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग बढ़ रही है, जिससे यातायात समस्या और सुरक्षा संबंधी चिंताएं उत्पन्न हो रही हैं।सांसद दिलीप राय को स्मारक पत्र सौंपने के दौरान बेदब्यास ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय प्रधान, महासचिव विश्वरंजन बेउरा, जगदीश जैसवाल, दिलीप महांति, सुमन कुमार, शिवा बिसोई, गुरुंदर सिंह, बिसु दे, रणजीत साहू, राकेश नंद, मनोज बांका, धर्मेंद्र दुबे, अनुप कुमार, संजीव सिन्हा तथा देबु सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

