राउरकेला:6//5,(कलिंग समाचार) वेदव्यास ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (वीटीओए) का 15वां शपथ ग्रहण समारोह बुधवार, 6 मई को स्थानीय ब्राह्मणी क्लब में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में संगठन की नई कार्यकारिणी ने ट्रांसपोर्टरों के हितों की रक्षा तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय प्रधान के नेतृत्व में नई टीम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान महासचिव मिठू बेउरिया उर्फ बिस्वरंजन बेउरिया, उपाध्यक्ष मनोज सिंह, सह सचिव विजय चौधरी एवं संतोष यादव तथा कोषाध्यक्ष दिनेश साव ने भी अपने-अपने पदों की जिम्मेदारी संभाली।समारोह में राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रिज (आरसीसीआई) के अध्यक्ष मलय मंडल मुख्य अतिथि तथा महासचिव शुभम कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में स्थानीय संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।कार्यक्रम का संचालन वीटीओए के चुनाव अधिकारी चुन्नू दुबे ने किया, जबकि अनुप कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राजगंगपुर एसोसिएशन समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।समारोह के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने जिले की खदानों, पत्थर खदानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को प्राथमिकता नहीं दिए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि बाहरी एजेंसियों को लगातार परिवहन कार्य सौंपे जाने से स्थानीय व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि स्थिति नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में आंदोलन शुरू किया जाएगा।

