राउरकेला:6//5,(कलिंग समाचार) शहर में समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए वनबंधु परिषद महिला समिति द्वारा सिविल टाउनशिप क्षेत्र में एक ठंडे पेयजल मशीन का लोकार्पण किया गया। यह पहल न केवल स्थानीय निवासियों के लिए, बल्कि राहगीरों और बैंक आने वाले ग्राहकों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आई है।यह लोकार्पण कार्यक्रम सिविल टाउनशिप स्थित बैंक ऑफ इंडिया के समीप आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष श्री शुभ पटनायक उपस्थित रहे। उन्होंने नारियल फोड़कर विधिवत रूप से मशीन का शुभारंभ किया।इस जनहितकारी कार्य में समाजसेवी श्री लक्ष्मी नारायण जैन (कलानौरिया) एवं श्रीमती उमा देवी जैन का विशेष सहयोग रहा, जिनके योगदान से यह सुविधा संभव हो पाई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुई।अपने संबोधन में श्री शुभ पटनायक ने वनबंधु परिषद महिला समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह ठंडे पेयजल मशीन बैंक में आने वाले दूर-दराज के ग्राहकों के साथ-साथ मुख्य मार्ग से गुजरने वाले आम नागरिकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने दानदाताओं श्री लक्ष्मी नारायण जैन एवं उनके पुत्र श्री मनोज जैन के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का सफल संचालन वनबंधु महिला विकास समिति की अध्यक्षा श्रीमती उषा अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर संगीता अग्रवाल, कुसुम बगड़िया, अनु रूंगटा, मंजू उपाध्याय, अनीता अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल सहित समिति की अन्य सदस्याएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं।इसके अतिरिक्त वनबंधु परिषद चैप्टर के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, सचिव अजय कदमवाला, बेनी गोपाल मालानी, संजय मुसद्दी, अतुल संघवी, राजेश माथुर, मिनी माथुर, राघव माथुर, हनुमान वाटिका के जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद कुमार नतुल्य, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक मनोज कुमार प्रधान सहित बैंक के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। जनसेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदमइस प्रकार की पहलें न केवल समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देती हैं, बल्कि लोगों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर जीवन को सरल और सहज बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वनबंधु परिषद महिला समिति का यह प्रयास निश्चित रूप से अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।

