राउरकेला:2//4,(कलिंग समाचार)नवगठित होटलियर्स एसोसिएशन, राउरकेला की ओर से पहला अधिवेशन उत्कल दिवस के अवसर पर मेफेयर वर्ल्ड कप विलेज के सभागार में भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह संगठन शहर में पूर्ववर्ती होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन की निष्क्रियता के बाद एक नई पहल के रूप में सामने आया है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राउरकेला इस्पात संयंत्र के पूर्व डीआईसी डॉ. अतनु भौमिक, मुख्य वक्ता के रूप में राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पूर्व अध्यक्ष शुभ पटनायक तथा सम्मानित अतिथियों के रूप में संबलपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पालित, झारसुगुड़ा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक लाथ, पूर्व विधायक प्रभात महापात्र, राउरकेला वकील संघ के अध्यक्ष सदानंद साहू और अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष दिलीप महापात्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और ‘वंदे उत्कल जननी’ गीत के साथ हुई। होटल सोलास के मालिक एवं एसोसिएशन के संयोजक शैलेन्द्र महांति ने मंच संचालन किया। इस दौरान सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, उत्तरीय एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।अधिवेशन में वर्ष 2026-27 के लिए एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी कराया गया। गिरिजा शंकर द्विवेदी ने अध्यक्ष और केसर जमीर ने महासचिव पद की शपथ ली, जबकि प्रकाश सेनापति (उपाध्यक्ष), प्रमोद नायक (संयुक्त सचिव) और जे.एस. झा (कोषाध्यक्ष) ने भी पदभार ग्रहण किया। इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट से जुड़े 40 सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।वक्ताओं ने अपने संबोधन में होटल उद्योग की वर्तमान चुनौतियों जैसे भूजल संकट, एलपीजी आपूर्ति आदि मुद्दों पर चर्चा की और नवगठित एसोसिएशन की सराहना करते हुए इसे पश्चिम ओडिशा का प्रमुख संगठन बनने की संभावना जताई।एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद तथा मेफेयर होटल समूह के मालिक दिलीप राय बताए गए हैं।कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष प्रकाश सेनापति ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों और सदस्यों ने भाग लिया।

