राउरकेला, 13//3,(कलिंग समाचार): बड़गाँव थाने के एएसआई अरूपानंद दास को एक मामले में 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने गिरफ्तार कर लिया।सूचना के अनुसार, सुंदरगढ़ के बड़गाँव पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई अरूपानंद दास ने सड़क किनारे स्थित एक होटल ढाबा के मालिक से एक मामले में मदद करने और उनके व्यवसाय को सुचारू रूप से चलाने देने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि एएसआई श्री दास ने धमकी दी थी कि यदि होटल मालिक ने पैसे नहीं दिए, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद होटल मालिक ने सतर्कता अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। विभाग की टीम ने जाल बिछाया और होटल मालिक से 25, हजार रुपये लेते हुए श्री दास को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विभाग ने रिश्वत के सभी 25 हजार रुपये जब्त कर लिए हैं। इसके तुरंत बाद, श्री दास के 4 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई। एएसआई के ठिकानों की तलाशी के दौरान 3.31 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह बरामदगी उनके भुवनेश्वर और बड़गाँव स्थित सरकारी आवासों से हुई है।इसके साथ ही, उनके पास से वियतनाम और नेपाल की विदेशी मुद्रा भी जब्त की गई है। जांच में यह भी पता चला है कि श्री दास पिछले साल मई में वियतनाम की यात्रा पर गए थे।राउरकेला सतर्कता विभाग ने इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत केस नंबर दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है और एएसआई अरूपानंद दास को गिरफ्तार कर लिया गया है।

