राउरकेला:12//2,(कलिंग समाचार)आज एनआईटी राउरकेला के फूड टेक्नोलॉजी विभाग के 30 छात्रों ने अपने फैकल्टी सदस्य श्री अरुण प्रसाथ के साथ शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत गृहस्थी मसाला फैक्ट्री, गृहस्थी डेयरी तथा श्री गोमंदिर गोशाला का दौरा किया।इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को फूड प्रोसेसिंग, डेयरी संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों तथा गृहस्थी द्वारा अपनाई जा रही सतत (सस्टेनेबल) प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। छात्रों को कच्चे माल की प्राप्ति से लेकर उत्पादन, पैकेजिंग एवं वितरण तक की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।कार्यक्रम में गृहस्थी के सीएमडी श्री गणेश प्रसाद बगड़िया एवं निदेशक श्रीमती मंजू देवी बगड़िया की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने छात्रों से संवाद किया तथा उद्यमिता, फूड टेक्नोलॉजी में नवाचार और गृहस्थी ब्रांड की सफलता यात्रा पर अपने विचार साझा किए।इस पूरे भ्रमण कार्यक्रम का सफल संचालन गृहस्थी के सीईओ श्री अमित कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने सभी सत्रों का सुचारू प्रबंधन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती संगीता कुंडू, श्रीमती अंजली साहू एवं श्री प्रफुल्ल कुमार पात्र का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने छात्रों को विभिन्न विभागों का भ्रमण कराते हुए कार्यप्रणाली की जानकारी दी।छात्रों ने इस व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं औद्योगिक अनुभव के प्रति उत्साह व्यक्त किया। फैकल्टी सदस्य श्री अरुण प्रसाथ एवं सभी छात्रों ने गृहस्थी प्रबंधन का आतिथ्य एवं शैक्षणिक सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।इस प्रकार के उद्योग–शैक्षणिक सहयोग से छात्रों की व्यावहारिक समझ मजबूत होती है और फूड टेक्नोलॉजी के वास्तविक अनुप्रयोग को समझने में सहायता मिलती है।

