राउरकेला:21//12,(कलिंग समाचार) राउरकेला जिला पुलिस के अंतर्गत ब्रह्मणीतरंग थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। इस संबंध में ब्रह्मणीतरंग थाना कांड संख्या 526, दिनांक 20.12.2025, धारा 25(1-ए) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को पूर्वाह्न करीब 11 बजे सूचना मिली कि ‘बजरंग’ नामक एक युवक अवैध आग्नेयास्त्रों की खरीद कर उन्हें अपने ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर ब्रह्मणीतरंग थाना के एसआई संग्राम केशरी स्वाईं के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई बी.के. नायक, सीआई हवलदार सुशांत बेहरा तथा बिमल टोप्पो शामिल थे।पुलिस टीम जांच के लिए बुरुटोला क्षेत्र पहुंची। अपराह्न लगभग 2.55 बजे बुरुटोला तालाब की ओर से एक युवक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर(ऑडी 14 जी -4054) से आता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस ने उसे कुछ दूरी पर रोककर गवाहों की उपस्थिति में उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक की कमर से एक देशी पिस्तौल तथा उसमें लोड एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।गिरफ्तार युवक की पहचान बजरंग उर्फ प्रदुम सिंह (22 वर्ष), पिता बिंदेश्वर सिंह, निवासी ग्राम लोटस, सॉमिल, थाना ब्रह्मणीतरंग, जिला सुंदरगढ़ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बुरुटोला में मुकेश मलाकार के किराए के मकान में रह रहा था।पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह झारखंड की ओर से अवैध हथियार और गोलियां मंगाकर राउरकेला व सुंदरगढ़ क्षेत्र में विभिन्न लोगों को बेचता था। वैध दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस जब्त कर लिया। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की छानबीन में जुटी हुई है।

