राउरकेला:21//9,(कलिंग समाचार)राउरकेला स्पेशल जेल से 17 सितंबर को फरार हुआ हत्या का आरोपी कैदी सुरेश बारला आज मृत अवस्था में मिला। उसका अर्धदग्ध शव दुर्गापुर पहाड़ के जंगलों से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, वेदव्यास थाना क्षेत्र के कलुंगा गांव निवासी सुरेश बारला हत्या के मामले में आरोपित था और विचाराधीन कैदी के रूप में राउरकेला स्पेशल जेल में बंद था। लेकिन 17 सितंबर को जेल परिसर के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़कर वह फरार हो गया था। चार दिन बाद दुर्गापुर पहाड़ से उसका शव बरामद होना पुलिस के लिए नई पहेली बन गया है।प्राथमिक जांच में शव के अर्धदग्ध होने से कई आशंकाएं खड़ी हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

