राउरकेला:8//9,(कलिंग समाचार) शहर के बसंती कॉलोनी स्थित पानी टंकी मैदान में हेल्प पेज क्लब द्वारा आयोजित गणेश उत्सव रविवार की शाम श्रद्धा व उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। गणेश पूजा पंडाल से निकले भव्य विसर्जन जुलूस ने पूरे शहर का मन मोह लिया।जुलूस में केरल के पारंपरिक ढोल-झांझ की थाप पर युवा और महिला कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी, जबकि पश्चिम बंगाल, पुरी और अन्य प्रांतों से आए कलाकारों ने जीवंत झांकियों और नृत्य-संगीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक सहित कई नामचीन हस्तियां भी शामिल हुईं।जुलूस का मुख्य आकर्षण रहे गोल्डमैन रतन बाबा। चंद्र ग्रहण के दौरान गणेश प्रतिमा के मुख को पारदर्शी पन्नी से ढककर पूजा कमेटी ने धार्मिक परंपरा का निर्वाह किया। विशाल जुलूस को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आतिशबाजी, गुलाल और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।पूरे जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन की सख्त निगरानी रही। बसंती कॉलोनी की परिक्रमा के बाद देर रात जुलूस सम्पन्न हुआ और चंद्र ग्रहण के प्रभाव समाप्त होने के बाद सोमवार भोर में गणपति प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।


