सिलकुटा आईईडी ब्लास्ट समेत कई नक्सली घटनाओं में शामिल
राउरकेला।27//8,(कलिंग समाचार) ओडिशा पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात माओवादी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिशु सिंह (58 वर्ष), पिता – अघनु सिंह, निवासी – अमझरन, थाना – के.बोलांग, जिला सुंदरगढ़ के रूप में हुई है।डीआईजी बृजेश राय और एसपी नितेश वाधवानी ने मंगलवार शाम पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि आरोपी लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था और उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं।सबसे अहम मामला 14 जून 2025 का सिलकुटा आईईडी विस्फोट है। सरांडा जंगल के सिलकुटा क्षेत्र में सीआरपीएफ और एसओजी की संयुक्त कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था, जिसमें एक सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हुआ और इलाज के दौरान शहीद हो गया। इस घटना को के.बोलांग थाना कांड संख्या 86/2025 के तहत दर्ज किया गया था।इसके अतिरिक्त आरोपी पर निम्न मामले दर्ज हैं –बंडामुंडा जीआरपी कांड संख्या 08 (03.08.2025) : रांजेड़ा आईईडी ब्लास्टके.बोलांग थाना कांड संख्या 103 (04.08.2025) : माओवादी पोस्टर चिपकाने का मामलाके.बोलांग थाना कांड संख्या 84 (27.05.2025) : विस्फोटक और हथियार लूट कांडपुलिस पूछताछ में बिशु सिंह ने रांजेड़ा आईईडी ब्लास्ट, बांको आईईडी ब्लास्ट और विस्फोटक लूट जैसे मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है।पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का मनोबल और मजबूत होगा तथा माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। प्रशासन के अनुसार, बिशु सिंह की गिरफ्तारी को क्षेत्र में सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
—

