राउरकेला:26//8,(कलिंग समाचार)राउरकेला पुलिस जिले के बनाई अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। केलो मार्ग पर केंद्री कला के पास श्रमिकों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला श्रमिक की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक श्रमिक घायल हुए। इनमें 17 की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) रेफर किया गया, वहीं 9 अन्य का इलाज बनाई अस्पताल में जारी है।सूत्रों के अनुसार, केंद्रिकला और पांडुरिशिला गांव के श्रमिक वन विभाग के पौधारोपण कार्य के लिए केलो जंगल गए थे। काम समाप्त कर लौटते समय वैन अचानक पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण अनियंत्रित हुआ। हादसे के समय वैन में 30 से अधिक श्रमिक सवार थे।दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल बनाई हेल्थ सेंटर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के दौरान एक महिला श्रमिक ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर इलाज के लिए आरजीएच राउरकेला रेफर कर दिया गया।दर्जन भर घायलों को जेपी रेफर किया गया है।सूचना मिलने पर भाजपा जिला अध्यक्ष पूर्णिमा केरकेटा, बीजद जिला अध्यक्ष कालिया त्रिपाठी,एन सी पी नेता डॉ राजकुमार यादव,युवा नेता वीरेन् पति,रोहित गर्ग समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। हादसे के बाद स्थानीयों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई, क्योंकि विभाग ने इस पूरी घटना से अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।फिलहाल बनाई पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पर सड़क संकरी और खतरनाक मोड़ वाला है, जिस कारण आए दिन वाहन फिसलने से हादसे होते रहते हैं।

