सुंदरगढ़:21//10,(कलिंग समाचार) कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को राउरकेला पुलिस की ओर से रिजर्व पुलिस मैदान में 67वां शहीद स्मृति दिवस-2026 मनाया गया। कार्यक्रम में पश्चिमांचल रेंज के डीआईजी ब्रिजेश कुमार राय, राउरकेला एसपी नितेश वाधवानी, रेलवे एसपी त्रिनाथ पटेल, अतिरिक्त एसपी राजकिशोर मिश्र और श्रावणी नायक सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सभी ने अमर जवान स्मृति स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया।कार्यक्रम की शुरुआत परेड से हुई। अतिरिक्त एसपी राजकिशोर मिश्र ने शहीद स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। डीआईजी ब्रिजेश कुमार राय ने ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के संदेशों का वाचन किया।इस अवसर पर राउरकेला पुलिस के शहीद जवानों कांस्टेबल बेणुधर नायक, एसआई अजीत बर्धन, कांस्टेबल लक्ष्मण किसान, होमगार्ड कंदरि लोहार, ड्रिल हवलदार बेल्हाम मिंज, हवलदार नारायण चंद्र सेठी और कांस्टेबल लॉरेंस एक्का को श्रद्धांजलि दी गई। शहीदों के परिजनों ने भी स्मृति स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की।राउरकेला पुलिस ने शहीद जवानों के परिवारों को सम्मानित कर उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवानों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।

