राउरकेला:2//8,(कलिंग समाचार) पवित्र सावन माह के अवसर पर राउरकेला के प्लांट साइट रोड स्थित श्री शिव मंदिर में सवा लाख महामृत्युंजय पाठ, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के प्रमुख पुजारी मोती महाराज एवं उनकी टोली द्वारा नियमित पूजा-अर्चना संपन्न कराई जा रही है। वहीं आचार्य पंडित देशराज शास्त्री के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पंडित पुरुषोत्तम शर्मा, रमेश शर्मा, जुगल किशोर झा, सुभाष पांडे, बबलू तिवारी तथा संतोष मिश्रा सहित अन्य विद्वान पंडित महामृत्युंजय पाठ करा रहे हैं। सावन के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर रहे हैं। इसी प्रकार राउरकेला शहर के विभिन्न शिवालयों में भी रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ और विशेष पूजा-अर्चना के साथ सावन पर्व श्रद्धा और उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।

