राउरकेला:31//7,(कलिंग समाचार) राउरकेला रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को ट्रेन संख्या 13288 आरा–दुर्ग साऊथ बिहार एक्सप्रेस के राउरकेला में टर्मिनेट किए जाने की घोषणा के बाद करीब 200 कांवरिया श्रद्धालुओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और नारेबाजी का माहौल रहा। बाद में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और रेलवे अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के कांवरिया श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के बाद साऊथ बिहार एक्सप्रेस से बिलासपुर लौट रहे थे। शुक्रवार दोपहर ट्रेन के राउरकेला पहुंचने पर घोषणा की गई कि ट्रेन यहीं टर्मिनेट होगी और वापस राजेंद्र नगर के लिए रवाना होगी। इससे नाराज श्रद्धालुओं ने स्टेशन प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। उनका कहना था कि यदि पहले से सूचना दी जाती तो वे वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था कर लेते।स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं को ट्रेन संख्या 22861 इस्पात एक्सप्रेस से झारसुगुड़ा भेजने तथा वहां से ट्रेन संख्या 20807 हिराकुद एक्सप्रेस के माध्यम से बिलासपुर रवाना करने की व्यवस्था की। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और स्टेशन पर स्थिति सामान्य हो गई।स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि ट्रेन के राउरकेला में टर्मिनेट होने की सूचना पहले से प्रसारित की गई थी। इसके बावजूद यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने उनके बिलासपुर लौटने की वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल उपलब्ध करा दी।

