राउरकेला:1//8,(कलिंग समाचार) बिसरा थाना पुलिस ने जरेइकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तोड़फोड़ के मामले का सफल खुलासा करते हुए झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ₹8,300 नकद, एक लोहे की रॉड तथा दो कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को दोपहर 12:15 बजे एटीएम कैश रिप्लेनिशमेंट एजेंसी (सीआरए) के कर्मचारी भास्कर घासी (36), निवासी सासन, जिला संबलपुर ने बिसरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि जरेइकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम काउंटर में रात के दौरान अज्ञात बदमाश ने तोड़फोड़ की है। मौके पर पहुंचने पर एटीएम कक्ष की छत, दरवाजा और विद्युत बोर्ड क्षतिग्रस्त मिले। जांच के दौरान एटीएम मशीन के भीतर ₹21,44,800 की पूरी नकदी सुरक्षित पाई गई, जिससे बड़ी चोरी की वारदात टल गई।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शुभम महतो (22), निवासी महुलडीहा, थाना मनोहरपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम (झारखंड) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ ओडिशा और झारखंड के विभिन्न थानों में चोरी और एटीएम तोड़फोड़ से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।इस कार्रवाई में निरीक्षक एम.आर. कुंभार, एसआई पी.के. साहू, एएसआई आर.के. नायक, ओएपीएफ के जवान डी. केरकेट्टा तथा होमगार्ड एम. महतो शामिल रहे।

