राउरकेला:30//7,(कलिंग समाचार) सावन माह के शुभारंभ के साथ गुरुवार को राउरकेला शहर एवं इस्पातांचल के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।देवगांव के तरकेरा स्थित बाबा धवलेश्वर शिव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक एवं पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर के संस्थापक सदस्य रवि देहुरी तथा मुख्य पुजारी बीरची देहुरी के नेतृत्व में शंकर नायक, अरुण त्रिपाठी, जगरनाथ देहुरी, जग देहुरी, ऋषिकेशन देहुरी सहित अन्य आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चार रुद्राभिषेक संपन्न कराए। यजमान दंपतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया, जबकि उनके परिजन भी अनुष्ठान में सहभागी बने।मुख्य पुजारी बीरची देहुरी ने प्रातः 4 बजे से मंगला आरती एवं विशेष पूजा का शुभारंभ किया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ का पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया तथा श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प और पवित्र जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।इसी प्रकार राउरकेला रेलवे स्टेशन स्थित संकट मोचन मंदिर में भी शिवलिंग पर जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पुजारी सुदामा पांडे ने वैदिक रीति-रिवाज से पूजा संपन्न कराई। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचते रहे।वहीं हनुमान वाटिका स्थित शिव मंदिर, उदितनगर पंचदेव कल्चरल ट्रस्ट मंदिर परिसर, सेक्टर-3 अहिराबंद जगन्नाथ मंदिर परिसर सहित शहर के अनेक शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति और कल्याण की प्रार्थना की। सावन के पहले दिन पूरे राउरकेला में शिवभक्ति और श्रद्धा का अनूठा वातावरण देखने को मिला।

