राउरकेला:24//7,(कलिंग समाचार): आज श्रीक्षेत्र पुरी समेत पूरे ओडिशा तथा विश्व के विभिन्न स्थानों पर श्री जगन्नाथ महाप्रभु की बाहुड़ा रथयात्रा आयोजित की जा रही है। बाहुड़ा रथयात्रा के अवसर पर ‘विप्र सेवा ओडिशा शाखा’, ‘ब्राह्मण कल्याण सभा’ और ‘राउरकेला मारवाड़ी युवा मंच शहर शाखा’ की ओर से आईटीआई (ITI) चौक के सामने हलवा सेवा का आयोजन किया गया था। इस दौरान माँ तारिणी मंदिर से निकली श्री जगन्नाथ जी की बाहुड़ा रथयात्रा के समय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। ‘विप्र सेवा ओडिशा शाखा’ के अध्यक्ष सुरेश शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संचालित किया गया, जिसमें मारवाड़ी युवा मंच के राज्य अध्यक्ष अजय शर्मा, राउरकेला शाखा के कोषाध्यक्ष सूरज बापुड़िया, मारवाड़ी युवा मंच राउरकेला शहर शाखा के अध्यक्ष रबीश जिंदल, सचिव मनीष बंसल, कोषाध्यक्ष मनीष मेहता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। ब्राह्मण कल्याण सभा के पदाधिकारियों के साथ महाराजा अग्रसेन सेवा संघ के अध्यक्ष पूर्णमल अग्रवाल तथा राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी सदस्य श्रीधर मलिक ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इसी प्रकार शहर के राउरकेला रेलवे स्टेशन के पास स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर से उदितनगर स्थित श्री श्री पंचदेव कल्चरल ट्रस्ट की श्री जगन्नाथ महाप्रभु की बाहुड़ा रथयात्रा आयोजित हुई। इसमें श्री जगन्नाथ महाप्रभु, श्री बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के रथों पर आद्यसेवक राजा विजय प्रधान ने छेरा पहंरा (मार्ग बुहारने की सेवा) की रस्म निभाई।वहीं राउरकेला शहर के सेक्टर-5 गुंडिचा मंदिर से श्री जगन्नाथ महाप्रभु का बाहुड़ा रथ सेक्टर-3 अहीराबंध श्री जगन्नाथ मंदिर वापस लौटा, जबकि ओरामपाड़ा स्थित श्री श्री लक्ष्मी नृसिंह मंदिर से महाप्रभु का बाहुड़ा रथ हनुमान वाटिका के लिए वापस आया। इसी तरह प्लांटसाइट श्री जगन्नाथ महाप्रभु का बाहुड़ा रथ पावर हाउस अग्निशमन कार्यालय के पास से प्लांटसाइट वापस लौटा, जहाँ राजा सत्यानंद मोहंती ने छेरा पहंरा की रस्म अदा की।


