राउरकेला:11//7,(कलिंग समाचार) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की सुंदरगढ़ जिला समिति की ओर से मधुसूदन मार्ग स्थित हरिबंधु भवन स्थित पार्टी कार्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में 6 से 15 अगस्त 2026 तक राज्यभर में गांव-गांव और घर-घर जनसंपर्क पदयात्रा चलाने तथा 1 सितंबर को नई दिल्ली में “परिवर्तन जरूरी” महा-समागम (“दिल्ली चलो”) आयोजित करने की घोषणा की गई।प्रेसवार्ता में बताया गया कि 5 जुलाई को भुवनेश्वर स्थित भगवती भवन में हुई सीपीआई राज्य परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया। पार्टी के राज्य सचिव डॉ. प्रशांत कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ी है, महिलाओं पर अत्याचार, भीड़ हिंसा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में देरी तथा दलित-आदिवासियों पर हमलों जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की महंगाई, श्रम संहिता, शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाली तथा सांप्रदायिक राजनीति की भी आलोचना की।राज्य सचिव मंडल सदस्य अशोक कुमार दास और जिला सचिव प्रदोष कुमार महांति ने कहा कि अभियान के दौरान महंगाई पर रोक, सभी को रोजगार, वैज्ञानिक शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा, एमएसपी की कानूनी गारंटी, श्रम संहिता रद्द करने, बैलेट पेपर से चुनाव, सुंदरगढ़ में खनिज लूट पर रोक, राउरकेला इस्पात संयंत्र में रिक्त पदों की भर्ती, विस्थापितों के पुनर्वास तथा जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर के “दिल्ली चलो” कार्यक्रम में ओडिशा से पांच हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे।इस अवसर पर जनजागरण पदयात्रा एवं “परिवर्तन जरूरी” महा-समागम का पोस्टर भी जारी किया गया। प्रारंभिक जानकारी सदानंद साहू ने दी। पत्रकार वार्ता में महेश्वर राउत, राजेंद्र नायक, संतोष आचार्य, अनुपम दत्त, मातिल्ड कुलू सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

