राउरकेला:7//7,(कलिंग समाचार) प्लांटसाइट थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम हेरोइन के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी युवाओं, विशेषकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को हेरोइन बेचकर अवैध कारोबार चला रहे थे।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह उपनिरीक्षक बिभूति भूषण खटेई अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर बिसरा–बंडामुंडा मार्ग स्थित फाटापाइप इलाके में छापेमारी की गई। मौके से शिवा सोनी उर्फ पुकु (30) तथा सोनू कुमार गुप्ता (30), दोनों निवासी शिवशंकर नगर, फाटापाइप, राउरकेला, को गिरफ्तार किया गया।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन तथा ₹12,600 नकद बरामद किए। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत प्लांटसाइट थाना कांड संख्या 704/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी शिवा सोनी उर्फ पुकु के खिलाफ पहले से हत्या, मारपीट, धमकी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का पता चलता है।यह कार्रवाई जहां पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है, वहीं कई गंभीर सवाल भी खड़े करती है। यदि मुख्य आरोपी पहले से कई संगीन मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में था, तो वह खुलेआम नशे का कारोबार कैसे संचालित कर रहा था? यदि हेरोइन की पहुंच स्कूल और कॉलेज के छात्रों तक हो रही थी, तो यह केवल कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है।विशेषज्ञों का मानना है कि केवल छोटे तस्करों की गिरफ्तारी से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। आवश्यक है कि पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क, इसके वित्तपोषकों, आपूर्ति श्रृंखला और संरक्षण देने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। तभी राउरकेला को नशे के बढ़ते जाल से प्रभावी रूप से मुक्त कराया जा सकेगा।

