राउरकेला:6//6,(कलिंग समाचार) राउरकेला रेलवे स्टेशन से जुड़े एक कथित रिश्वतखोरी प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे कॉलोनी के छोटा पार्क व इंस्टीच्यूट निकट आरपीएफ प्रभारी (ओसी) के आवास सहित मिड टाउन में एक सप्लायर के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई देर रात तक जारी रही, जिससे रेलवे और स्थानीय प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम रेलवे कॉलोनी के छोटा पार्क के निकट स्थित आर पी एफ ओसी के आवास पहुंची और वहां तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान शहर के एक सप्लायर के आवास पर भी सीबीआई ने दबिश दी।सूत्रों के मुताबिक, राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध वेंडिंग तथा अन्य कथित अनियमित गतिविधियों के बदले धन के लेन-देन की शिकायतों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि छापेमारी से पूर्व सीबीआई ने एक वेंडर से कथित रूप से विभाग से जुड़े शख्स को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।सूत्रों का दावा है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरपीएफ ओसी कमलेश सामदार तथा उनके एक परिचित सप्लायर के आवास पर तलाशी ली जा रही है। हालांकि जांच एजेंसी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित सूत्रों ने अधिक जानकारी देने से परहेज किया। वहीं रेलवे स्टेशन में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर आरपीएफ की भूमिका संबंधी विभिन्न पहलुओं की जांच जारी होने की चर्चा भी सामने आ रही है।फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई और तलाशी में क्या तथ्य सामने आए हैं, इसका आधिकारिक खुलासा होना बाकी है। मामले पर रेलवे प्रशासन और जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।

