राउरकेला:28//5,(कलिंग समाचार) सोमवार अपराह्न आए कालबैशाखी तूफान और तेज आंधी के कारण राउरकेला के विभिन्न क्षेत्रों में भारी तबाही मची। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, जबकि अनेक घर भी क्षतिग्रस्त हो गए।तूफान से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में सेक्टर-2 खरियाबहाल बस्ती, गंजू बस्ती, कल्याण बस्ती, बलांगीर बस्ती तथा जी-ब्लॉक बस्ती शामिल हैं। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों में कुल 138 घर पूर्ण या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 98 परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवारों को राउरकेला प्रशासन की ओर से पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराई गई है।दूसरी ओर कई सेक्टर क्षेत्रों में बिजली के खंभे उखड़ जाने के कारण अब तक बिजली और जलापूर्ति बाधित है। बस्तीवासियों का आरोप है कि वे पिछले चार दिनों से भोजन, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, लेकिन प्रशासन और राउरकेला महानगर निगम की ओर से पर्याप्त राहत व्यवस्था नहीं की गई है।इसी के विरोध में बुधवार को सेक्टर-2 खरियाबहाल बस्ती के लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कालबैशाखी तूफान में सबकुछ तबाह हो गया, लेकिन अब तक बिजली लाइन बहाल नहीं हो सकी है। पानी और भोजन की भी भारी समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों का धैर्य जवाब दे चुका है।बस्तीवासियों ने सेक्टर-1 स्थित एनआईटी रोड को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण बस सेवा भी प्रभावित रही और यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने राउरकेला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

