राउरकेला, 11/5:(कलिंग समाचार) राज्य के गृह एवं नगर विकास विभाग के मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र रविवार रात दो दिवसीय राउरकेला दौरे पर पहुंचे। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। उनके साथ विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं तलसरा विधायक भवानी शंकर भोई भी पहुंचे थे।आज सुबह मंत्री महोदय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के साथ राउरकेला हाउस में बैठक की। जिला नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस बैठक में जिला अध्यक्ष पूर्णिमा केरकेट्टा, रघुनाथपाली विधायक दुर्गा चरण तांती, राज्य प्रवक्ता धीरेन सेनापति, राज्य महिला मोर्चा महासचिव लतिका पटनायक सहित राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे।बैठक के पश्चात, जिला अध्यक्ष पूर्णिमा केरकेट्टा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास मंत्री श्री महापात्र को शहर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस क्षेत्र के निवासी लंबे समय से विभिन्न नागरिक और सार्वजनिक सुविधाओं की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। राउरकेला एक तेजी से विकसित होता शहरी क्षेत्र है, इसलिए आम लोगों की सुविधा और कल्याण के लिए उचित बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं की तत्काल आवश्यकता है।

