राउरकेला, 17//3,2026: (कलिंग समाचार)ओडिशा से राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार मनमोहन सामल, सुजित कुमार, बीजद उम्मीदवार डॉ. संतृप्त मिश्र और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय विजयी हुए हैं। इस चुनाव में चौथे स्थान के लिए लड़ रहे बीजद, कांग्रेस और माकपा के संयुक्त उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर होता को हार का सामना करना पड़ा है।मनमोहन सामल और सुजित कुमार को 35-35 प्रथम वरीयता के वोट मिले, जबकि तीसरे स्थान पर बीजद उम्मीदवार संतृप्त मिश्र को 31 वोट प्राप्त हुए। चौथे उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे दिलीप राय और डॉ. होता, दोनों को 23-23 प्रथम वरीयता के वोट मिले थे। चूंकि दोनों उम्मीदवारों के प्रथम वरीयता के वोट बराबर थे, इसलिए द्वितीय वरीयता के वोटों की गिनती की गई, जिसमें दिलीप राय विजयी घोषित हुए।बहुचर्चित राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओडिशा विधानसभा के कक्ष संख्या 54 में विधायकों ने मतदान किया। इसके बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू हुई और परिणामों की घोषणा की गई। दिन भर राजधानी भुवनेश्वर में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विधानसभा से लेकर पार्टी कार्यालयों तक शह-मात का खेल देखने को मिला। मतदान के दौरान संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने पहला वोट डाला, जबकि दोपहर में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अंतिम वोट दिया।पूर्वाह्न में पारादीप से भाजपा विधायक बस के जरिए सीधे विधानसभा परिसर पहुंचे और कतार में खड़े होकर मतदान किया। वहीं बीजद की रणनीति के अनुसार, 5-5 विधायकों के दल ने आकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक दल के मतदान के बाद दूसरा दल नवीन निवास से विधानसभा के लिए निकलता था।सोमवार सुबह 10 बजे तक कांग्रेस विधायकों का आना शुरू हो गया था। चुनाव में भाजपा की ओर से पृथ्वीराज हरिचंदन, बीजद की ओर से प्रताप केशरी देव और कांग्रेस की ओर से भक्त चरण दास पोलिंग एजेंट थे। विधायक उपासना महापात्र के मतदान को लेकर विवाद होने के कारण करीब आधे घंटे तक मतदान प्रक्रिया रुकी रही। बाद में पोलिंग ऑफिसर द्वारा उन्हें दूसरा बैलेट पेपर दिए जाने के बाद उन्होंने मतदान किया।दिलीप राय की इस जीत के पीछे विपक्ष (बीजद और कांग्रेस) के 11 विधायकों की क्रॉस वोटिंग बड़ी वजह रही। क्रॉस वोटिंग करने वालों में कांग्रेस के 3, बीजद के 6 और बीजद से निलंबित 2 विधायक शामिल हैं। इन सभी ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को वोट दिया। क्रॉस वोटिंग की खबर मिलते ही कांग्रेस और बीजद खेमे में निराशा छा गई। डॉ. दत्तेश्वर होता के लिए बनाई गई कांग्रेस और बीजद की साझा रणनीति पूरी तरह विफल रही।बीजद से निलंबित चंपुआ विधायक सनातन महाकुड़ और पाटकुरा विधायक अरविंद महापात्र ने श्री राय के पक्ष में मतदान किया। इनके अलावा बीजद के चौद्वार-कटक विधायक सौविक बिश्वाल, बांकी विधायक देबी रंजन त्रिपाठी, बालीगुड़ा विधायक चक्रमणि कंहर, बस्ता विधायक सुबासिनी जेना, जयदेव विधायक नब किशोर मल्लिक और तिर्तोल विधायक रमाकांत भोई ने क्रॉस वोटिंग की। कांग्रेस की ओर से मोहना विधायक दशरथी गमांग, सानखेमुंडी विधायक रमेश जेना और कटक विधायक सोफिया फिरदौस ने भी दिलीप राय को वोट दिया।दिलीप राय की जीत के बाद भुवनेश्वर और उनके गृह क्षेत्र राउरकेला में जश्न का माहौल है। राउरकेला में समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस जीत का उत्सव मनाया। शहरवासियों और समर्थकों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। खासकर राउरकेला शहर में डेली मार्केट जी टी लैन चौक बसंती कॉलोनी मैंफेयर होटल के सामने राउरकेला पनपोष सेक्टर समेत अन्य अंचलों में दिलीप राय के समर्थकों के द्वारा पटाखा फोड़ने के साथ मिठाई बांटी गई

