राउरकेला,7//3,(कलिंग समाचार): राउरकेला के ब्राह्मणीतरंग थाना अंतर्गत वेदव्यास सॉ-मिल इलाके के एक स्कूल के पीछे झाड़ियों से शुक्रवार को बरामद युवती के शव की गुत्थी 24 घंटे बाद भी नहीं सुलझ पाई है। पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को सुरक्षित रख लिया है और मृतका की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। शव की पहचान न होने के कारण पुलिस को संदेह है कि युवती स्थानीय क्षेत्र की निवासी नहीं है। पुलिस की प्रारंभिक सूचना के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 22 से 23 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि युवती की हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को इस सुनसान जगह पर फेंका गया है।जांच में तेजी लाने के लिए घटनास्थल पर साइंटिफिक टीम और खोजी कुत्तों की मदद ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।गौरतलब है कि शुक्रवार को वेदव्यास सॉ-मिल छक से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक स्कूल के पीछे झाड़ियों में युवती का शव मिला था। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है।

