राउरकेला, दिनांक: 06/02/2026:(कलिंग समाचार)आगामी 12 फरवरी को सभी केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संघों के आह्वान पर केंद्र की मोदी सरकार की श्रमिक विरोधी 4 श्रम संहिताओं लेबर कोड को वापस लेने की मांग के साथ-साथ महंगाई पर नियंत्रण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निजीकरण को रोकने, मनरेगा को हटाकर लाए गए ‘वी.बी. रामजी कानून-2025’ को वापस लेने, बिजली संशोधन विधेयक-2025, बीज विधेयक-2025 और नए बीमा विधेयक-2025 को वापस लेने जैसे मुद्दों पर देश के श्रमिक, किसान और सभी कामकाजी व आम लोग इस हड़ताल में शामिल होंगे।सुंदरगढ़ जिले में इस हड़ताल को पूर्ण बंद में बदलने के लिए सीटू सुंदरगढ़ जिला समिति से संबद्ध सभी यूनियनों और अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है। विभिन्न कारखानों में सभाएं और बैठकें आयोजित कर श्रमिकों को जागरूक किया जा रहा है।इसी क्रम में आज इंडस्ट्रियल मजदूर यूनियन के महासचिव और सीटू के राज्य उपाध्यक्ष बिमान मैती के नेतृत्व में वेदव्यास स्थित शिवा रिफ्रैक्टरीज और शिवा मिनरल्स के साथ-साथ राउरकेला सेल स्टॉक यार्ड और सेक्टर-14 क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

