राउरकेला :9//11,(कलिंग समाचार)सेक्टर-21 स्थित गुरुनानक पब्लिक स्कूल (जीएनपीएस) में रविवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व एवं स्कूल के फाउंडेशन डे- 2025 मनाया गया। यहां भक्ति, अनुशासन और सेवा भावना से परिपूर्ण भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन गुरुनानक पब्लिक स्कूल प्रबंधन समिति के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें गुरु नानक देव जी की शिक्षा-सत्य, विनम्रता और करुणा के मार्ग को पुनः जीवंत कर दिया और उपस्थित सभी श्रद्धालु आध्यात्मिक प्रेरणा से ओतप्रोत हुए।कार्यक्रम की शुरुआत 7 नवम्बर (शुक्रवार) को प्रातः 11 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ हुई। 9 नवम्बर प्रातः 10 बजे अखंड पाठ का समापन हुआ, जिसके पश्चात संयुक्त राज्य अमेरिका से पधारे भाई अनंतवीर सिंह जी द्वारा भावपूर्ण शबद कीर्तन और अजनाला (पंजाब) से आए भाई बलकार सिंह जी द्वारा प्रेरणादायक कथा विचार प्रस्तुत किया गया। इसके बाद दोपहर एक बजे से गुरु का लंगर आरंभ हुआ, जिसमें विभिन्न धर्मों और समाजों से जुड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने समानता और सेवा के प्रतीक इस प्रसाद का आनंद लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु वैलेट पार्किंग, ड्रॉप एंड पिक सुविधा, तथा विकलांग और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर सहायता जैसी व्यवस्था की गई थीं। पूरे आयोजन के सफल संचालन में स्कूल के 140 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी तथा 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने निःस्वार्थ भाव से सेवा निभाई। स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों सरदार सुरिंदर सिंह, हरदीप सिंह, बलजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, चमकौर सिंह, सतबीर सिंह और रेमिंदर सिंह ने इस पावन अवसर पर आयोजित अखंड पाठ, कथा-कीर्तन, लंगर एवं स्वास्थ्य शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

