राउरकेला:3//10,(कलिंग समाचार) 2 अक्टूबर। विजयादशमी महोत्सव के अवसर पर गुरुवार की शाम सेक्टर-13 मैदान असत्य पर सत्य की विजय का साक्षी बना। श्री दशहरा पूजा समिति की ओर से 55 फीट ऊंचे रावण और 50 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतलों का भव्य दहन किया गया। प्रभु श्रीराम के प्रतीक बाण जैसे ही रावण को भेदा, आतिशबाजी और डिजिटल लाइटिंग से पूरा वातावरण रोशनी और रंगों से जगमगा उठा।समारोह की विशेषता भगवान श्रीराम के राजाभिषेक का पारंपरिक मंचन रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटों की गूंज के बीच प्रभु श्रीराम का तिलक कर राजसिंहासन पर विराजमान होने का दृश्य भक्तों को अयोध्या की झलक देता रहा। पुष्पवृष्टि, चौपाइयों और भक्ति गीतों ने पूरे माहौल को भक्ति-भाव से सराबोर कर दिया।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम मुख्य अतिथि रहे। जिलापाल डॉ. शुभंकर महापात्र, विधायक शारदा प्रसाद नायक, विधायक दुर्गा तांती, डीआईजी बृजेश राय, एडीएम धीना दस्तगीर, एसपी नितेश वाधवानी और आरएसपी डायरेक्ट इंचार्ज आलोक वर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।55 फीट रावण और 50 फीट कुंभकरण के पुतले आगरा से आए कारीगर शौकत अली और नियुक्त अली ने तैयार किए थे। भव्य आतिशबाजी, कोल्ड फायर और डिजिटल लाइटिंग ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समिति के चेयरमैन सुरेश केजरीवाल, अध्यक्ष राहुल अग्रवाल, सचिव पवन खेमानी, कोषाध्यक्ष गौरव सिंघल,पूर्व अध्यक्ष ललित केजरीवाल, विवेक पोद्दार, दर्शित ठक्कर, गौरव अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, किसान अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, भवानी भाई सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।अन्य सदस्यों के नेतृत्व में तैयारियां सफल रहीं।पूरे मैदान में मेले जैसा उत्सव रहा। बच्चों की आंखों में कौतूहल, महिलाओं के श्रद्धाभाव और युवाओं के गगनभेदी नारों से वातावरण “सियावर रामचंद्र की जय” से गूंज उठा।

