राउरकेला:22//9,(कलिंग समाचार)ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर निवेश करवाकर लोगों से करोड़ों रुपये हड़पने का मामला राउरकेला में सामने आया है। एमएसक्यू ऑनलाइन कंपनी (एम एस क्यू ऐप) पर आरोप है कि उसने झिरपाणी क्षेत्र में कार्यालय खोलकर और विभिन्न जगहों पर मीटिंग आयोजित कर लोगों को निवेश के लिए प्रलोभन दिया।शिकायतकर्ताओं के अनुसार कंपनी की योजना थी कि निवेशक न्यूनतम 1,750 रुपये लगाकर मोबाइल ऐप पर 15 कंपनियों के विज्ञापन देखें और बदले में रोजाना 50 रुपये उनके वॉलेट में मिलेंगे। साथ ही, जो निवेशक अपने नीचे नए लोगों को जोड़ते, उन्हें अतिरिक्त कमीशन का लाभ दिया जाता।इन दावों से प्रभावित होकर लोगों ने 17,500 रुपये से लेकर लाखों रुपये तक का निवेश किया। धीरे-धीरे हजारों निवेशकों ने करोड़ों रुपये कंपनी में लगा दिए। लेकिन अचानक कंपनी का संचालन ठप हो गया और निवेशकों के पैसे डूब गए।निवेशकों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण के प्रमोटर अशोक बड़ााइक हैं, जिन्होंने कंपनी को आगे बढ़ाने और निवेश बढ़ाने का काम किया।करोड़ों की ठगी से परेशान निवेशक सोमवार को राउरकेला पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से उन्हें सलाह दी गई है कि वे इस मामले की औपचारिक शिकायत साइबर थाना में करें। पुलिस का कहना है कि साइबर थाना में शिकायत दर्ज होते ही मामले की जांच शुरू कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।निवेशकों ने हंगामा मचाते हुए दोषियों पर कार्यवाई की मांग की।

