राउरकेला:2//9,(कलिंग समाचार)दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा के नाम एक मांग पत्र सारंडा प्रेस क्लब की ओर से सौंपा गया है। यह ज्ञापन प्रेस क्लब के अध्यक्ष देव कुमार डे ने महाप्रबंधक के सचिव मनीष कुमार पाठक को सौंपा है। इससे पहले सारंडा प्रेस क्लब के द्वारा मनीष कुमार पाठक को शोल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर सारंडा प्रेस क्लब के पदाधिकारी जय कुमार भी मौजूद थे। मांग पत्र में पत्रकारों को कोरोना काल से पहले मिलने वाली सुविधाओं को पुनः बहाल करने की अपील की गई है। अध्यक्ष देव कुमार डे ने कहा कि भारतीय रेल देश की लाइफ लाइन है और समाचार संकलन के दौरान पत्रकार रेलवे के सहयोग पर निर्भर रहते हैं। रेलवे के सहयोग से ही पत्रकारिता का दायित्व बेहतर ढंग से निभाया जा सकता है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कोरोना काल के बाद से पत्रकारों को मिलने वाली कई सुविधाएँ बंद कर दी गई हैं। इनमें प्रमुख है रेलवे द्वारा जारी किया जाने वाला पत्रकार पहचान पत्र और उसके आधार पर दी जाने वाली 50 प्रतिशत टिकट रियायत। प्रेस क्लब ने कहा कि इस सुविधा के न होने से पत्रकार वर्ग मायूस है और उन्हें काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। अतः प्रेस क्लब ने मांग की है कि पत्रकारों को सम्मानपूर्वक मिलने वाली सुविधाओं को तत्काल बहाल किया जाए। क्लब ने आशा जताई कि रेलवे प्रबंधन सकारात्मक पहल करते हुए पत्रकारों की सुविधा बहाली की दिशा में जल्द कदम उठाएगा।

