राउरकेला:23//9,(कलिंग समाचार)राजगांगपुर शहर में नौ दिवसीय गणेश उत्सव मंगलवार को गणेश प्रतिमाओं के भव्य विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। पूरे उत्सव के दौरान शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। बारिश के बीच भक्तों का जोश गणेश विसर्जन देखने को उमड़ा बारिश के बीच ढोल-नगाड़े, भजन, काशी से आई डमरू वादन टोली तथा गंगा आरती इस वर्ष श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।मंगलवार को विसर्जन को लेकर शहर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। शाम करीब चार बजे स्थानीय कमेटी सेंटर से महाराष्ट्र के ढोल, डीजे, धूमाल और ढोल-बाजे के साथ विभिन्न पूजा कमेटियों की ओर से भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। जुलूस में 100 से अधिक गणेश प्रतिमाएं शामिल हुईं। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जुलूस के दौरान पूरा राजगांगपुर भक्तिमय हो उठा।विसर्जन जुलूस में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया’ के जयघोष से शहर का वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु ढोल की थाप पर नाचते-झूमते नजर आए। महाराष्ट्र से आए ढोल वादकों की प्रस्तुति लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजामविसर्जन जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डीआईजी ब्रजेश राय, एसपी अमृत पाल कौर, उपजिलापाल सहित डीएसपी, एडिशनल एसपी, इंस्पेक्टर एवं सब-इंस्पेक्टर समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में 22 प्लाटून फोर्स की तैनाती की गई थी। जुलूस मार्ग के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।विसर्जन मार्ग की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ता रहा।गणेश प्रतिमाओं की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम नजर आईं। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और भक्ति में डूबे शहरवासियों ने भावुक होकर विघ्नहर्ता को विदाई दी।


