राउरकेला:7//9,(कलिंग समाचार): राउरकेला रेलवे स्टेशन पर असामान्य ट्रेन विलंब और यात्रियों से जुड़ी समस्याओं पर तुरंत ध्यान देने के लिए राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध करते हुए एक ज्ञापन सौंपा गया है।विभिन्न समस्याओं से अवगत कराने के लिए राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अधिकारियों ने राउरकेला रेलवे स्टेशन के स्टेशन मैनेजर और वरिष्ठ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों के साथ चर्चा की और समस्याओं के समाधान की मांग की। इस अवसर पर राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मलय मंडल, उपाध्यक्ष राजेश गर्ग, महासचिव विश्वनाथ दे, चैंबर के रेल सचिव नेबु जैन, पूर्व अध्यक्ष प्रभात टाबारियावाला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे। दूसरी ओर, आरपीएफ डीएसपी एम.के. खान, स्टेशन के वाणिज्यिक अधिकारी विनाल कुमार, स्टेशन मास्टर के साथ-साथ आईएएफ और जीआरपी के अधिकारी भी उपस्थित थे।राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (RCCI) द्वारा रेल मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राउरकेला रेलवे स्टेशन पर रेल सेवा और यात्री सुविधाओं से संबंधित कुछ गंभीर समस्याओं पर ध्यान देने के लिए रेल मंत्री से तुरंत हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया है।इन सभी समस्याओं में प्रमुख है— ट्रेनों के संचालन में असामान्य विलंब। राउरकेला एआरएम और चक्रधरपुर के डीआरएम से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, ट्रेनों के विलंब होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समय की पाबंदी (पंकचुअलिटि) में सुधार करने और निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का रेलवे कार्यालय से अनुरोध किया गया है।राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार दोनों ओर से खोले जाएं इसके साथ स्टेशन परिसर के समक्ष दुकानदारों और अनाधिकृत वाहनों द्वारा घेर लिए जाते हैं। इससे यात्रियों को भीड़भाड़ और असुविधा का सामना करना पड़ता है। आरसीसीआई की ओर से अनुरोध किया गया है कि पार्किंग को ठीक से नियंत्रित किया जाए और इन स्थानों को साफ-सुथरा रखा जाए।रेलवे स्टेशन पर असामाजिक तत्वों की उपस्थिति, विशेषकर देर रात के समय, सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। आरसीसीआई की ओर से अनुरोध किया गया है कि स्टेशन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) की जाए।राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित शेड भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त होने के बाद से अब तक मरम्मत नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप, शेड न होने के कारण यात्री भीषण कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। आरसीसीआई की ओर से अनुरोध किया गया है कि इसकी तत्काल बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।राउरकेला रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त और संगठित पार्किंग सुविधा के अभाव के कारण लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से काफी कठिनाई उत्पन्न हो रही है और भीड़ बढ़ रही है। राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध किया गया है कि वे एक उपयुक्त और समर्पित पार्किंग सुविधा प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।राउरकेला ओडिशा का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है। राउरकेला रेलवे स्टेशन शहर और इसके आसपास के औद्योगिक तथा खनन क्षेत्रों के भारी संख्या में यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। राउरकेला रेलवे स्टेशन पर समयबद्ध, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल रेल सेवा सुनिश्चित करना इस क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।रेल में यात्रा करने वाले आम जनता के व्यापक हित में रेल मंत्री से इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और शीघ्र कदम उठाने का अनुरोध राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से किया गया है।

