राउरकेला:5//8,(कलिंग समाचार) शहर के सभी घरों में बिजली को सही तरीके से पहुँचाने के लिए आज स्मार्ट सिटी सम्मेलन कक्ष में रघुनाथपल्ली के विधायक तथा जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष दुर्गा चरण तांती की अध्यक्षता में एक जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष तथा रघुनाथपल्ली विधायक दुर्गा चरण तांती के अलावा सुंदरगढ़ के जिलाधिकारी डॉ. शुभंकर महापात्रा, टीपीडब्ल्यूओडीएल (TPWODL) के अधीक्षण अभियंता संजित नायक, जिला योजना बोर्ड के सदस्य सुशील टोप्पो मंच पर उपस्थित थे।इस अवसर पर टीपीडब्ल्यूओडीएल बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ रघुनाथपल्ली क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने इस जनसुनवाई में भाग लिया।जिला योजना बोर्ड के अध्यक्ष तथा रघुनाथपल्ली विधायक दुर्गा चरण तांती ने अपने संबोधन में कहा कि आम लोगों की बुनियादी समस्या बिजली की समस्या है। बिजली की समस्या के समाधान के लिए आज इस रिव्यू मीटिंग यानी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया है। टाटा पावर के अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी भी उपस्थित हैं। लोग अपनी समस्याएँ भी रख रहे हैं। उन समस्याओं का समाधान कैसे किया जा सके, इसी उद्देश्य के साथ इस कार्यक्रम का आह्वान किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों की बुनियादी समस्या का समाधान करके उन्हें बिजली कनेक्शन कैसे दिया जा सके, इसका प्रयास किया जा रहा है। यहाँ विभिन्न क्षेत्रों से लोग आकर अपनी बिजली की समस्याएँ रख रहे हैं। उन्हें धीरे-धीरे हल करने का प्रयास किया जा रहा है।


