राउरकेला:26//7,(कलिंग समाचार) पवित्र हरिशयनी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को राउरकेला के विभिन्न श्रीजगन्नाथ मंदिरों में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का भव्य सुनाबेश (स्वर्ण श्रृंगार) श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। छेंड देवविहार श्रीजगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु के सुनाबेश के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मान्यता है कि रथ पर विराजमान महाप्रभु के सुनाबेश के दर्शन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है, जिसके चलते भक्त भाव-विभोर होकर दर्शन के लिए पहुंचे।इसी प्रकार सेक्टर-3 श्रीजगन्नाथ मंदिर, देवगांव श्रीजगन्नाथ मंदिर, बालियोजोड़ी स्थित स्वप्नेश्वर मंदिर परिसर के श्रीजगन्नाथ मंदिर, जलदा ए-ब्लॉक, जलदा सी-ब्लॉक, पानपोष श्रीजगन्नाथ मंदिर तथा देवगांव-तरकेरा श्रीजगन्नाथ मंदिर में भी त्रिदेव का सुनाबेश किया गया। सुनाबेश के उपरांत अधरपणा की पारंपरिक नीति संपन्न हुई तथा नीलाद्रि परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसके बाद महाप्रभु के नीलाद्रि बीजे की तैयारियां शुरू हुईं।उदितनगर पंचदेव सांस्कृतिक ट्रस्ट के श्रीजगन्नाथ मंदिर में भी भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का आकर्षक सुनाबेश किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति की ओर से भजन संध्या, पूजा-अर्चना और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।वहीं प्लांटसाइट श्रीजगन्नाथ मंदिर तथा पानपोष रोड स्थित मां तारिणी मंदिर परिसर के श्रीजगन्नाथ मंदिर में भी सुनाबेश के साथ भजन संध्या और विशेष पूजा का आयोजन हुआ। सभी मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और पूरा शहर महाप्रभु की भक्ति और उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा।


